नेपाल ने नहीं मानी मस्क की शर्त, स्टारलिंक को शत प्रतिशत हिस्सेदारी देने से इनकार

Posted on: 2026-08-23


काठमांडू, 23 अगस्त  नेपाल ने अमेरिकी कंपनी स्टारलिंक को शत प्रतिशत स्वामित्व देने से इनकार कर दिया है। स्टारलिंक दुनिया के सबसे अमीर एलन मस्क की कंपनी है। नेपाल ने अपनी नई दूरसंचार नीति के हत 20 प्रतिशत स्थानीय साझेदारी के साथ विदेशी निवेश की शर्त रखी है। सरकार की इस शर्त ने स्टारलिंक को नेपाल में अपनी सेवा विस्तार के लिए फिलहाल रोक दिया है।

नेपाल में 100 प्रतिशत स्वामित्व की शर्त के बीच विश्वस्तरीय प्रौद्योगिकी कंपनी को देश में लाकर डिजिटलीकरण का विस्तार करने का प्रयास तत्काल सफल होता नहीं दिख रहा है। नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी सीमित रखने के लिए अनिवार्य स्थानीय साझेदार की पुरानी व्यवस्था पर कायम है।

हाल ही में दूरसंचार नीति के मसौदे में दूरसंचार सेवा संचालित करने के इच्छुक विदेशी निवेशकों के लिए स्थानीय साझेदार को अनिवार्य रूप से 20 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की पुरानी नीति को ही निरंतरता दी गई है। इस वजह से मस्क की कंपनी स्टारलिंक के लिए नेपाल में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करना आसान नहीं दिख रहा है।

इसी वर्ष मई में ही स्टारलिंक की निदेशक रेबेका स्लिक हंटर नेपाल आई थीं। उन्होंने सूचना तथा संचार मंत्री डॉ. विक्रम तिमिल्सिना से मंत्रालय में मुलाकात कर नेपाल में भी इंटरनेट सेवा संचालित करने की अपनी इच्छा दोहराई थी।

उन्होंने स्पष्ट किया था कि लाइसेंस में 100 प्रतिशत स्वामित्व स्टारलिंक का होने पर ही कंपनी सेवा शुरू कर सकती है। यदि ऐसा संभव नहीं हुआ तो नेपाल में सेवा देना संभव नहीं होगा।

हंटर ने संचार मंत्रालय से लेकर दूरसंचार प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ अलग-अलग समय पर हुई बैठकों में कहा था कि स्टारलिंक किसी भी देश में सेवा संचालित करने के लिए स्थानीय साझेदार नहीं रखती और केवल 100 प्रतिशत अपने स्वामित्व वाली कंपनी के माध्यम से सेवा प्रदान करती है